हरिद्वार/रुड़की, 7 जुलाई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब निवासी एक तस्कर को करीब 980 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को नियमित चेकिंग अभियान के दौरान गंगनहर कोतवाली पुलिस लाठरदेवा अंडरपास क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर दबोच लिया।

आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह (उम्र 38 वर्ष), पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में पन्नी में छिपाकर रखी गई 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली गंगनहर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पंजाब से किसी नशा तस्कर से हेरोइन खरीदकर रुड़की क्षेत्र में सप्लाई करने आया था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों, सप्लायरों और खरीददारों की पहचान कर पूरे गिरोह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब इस मामले में हेरोइन की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

कोतवाली गंगनहर पुलिस टीम
इस कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, उपनिरीक्षक पंकज कुमार (प्रभारी चौकी पुरानी तहसील), हेड कांस्टेबल यूनुस बेग, हेड कांस्टेबल अशोक तिवारी, कांस्टेबल देवेश सिंह तथा कांस्टेबल नितिन कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!