हरिद्वार, 22 मई 2026।
भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा गुरुवार देर रात फूट पड़ा। जगजीतपुर डिवीजन के गुरुकुल स्थित बिजलीघर पर बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय लोगों ने घंटों से ठप पड़ी बिजली आपूर्ति को लेकर जमकर हंगामा किया। आक्रोशित भीड़ को देखकर यूपीसीएल के कर्मचारी मौके से चले गए।

बताया जा रहा है कि लोग बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए एसडीओ समेत विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास करते रहे, लेकिन अधिकारियों के फोन बंद मिले। इससे नाराज लोगों ने हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जगजीतपुर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। गुरुवार को दिनभर और देर रात तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी और उमस के बीच लोगों का सब्र जवाब दे गया और वे सड़क पर उतर आए।

हाईवे जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले हंगामे और प्रदर्शन के बाद क्षेत्रीय विधायक अनुपमा रावत भी बिजलीघर पहुंचीं और लोगों की समस्याएं सुनीं। उनके हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई और जाम खुलवाया गया।

बिजली संकट को लेकर क्षेत्रवासियों में यूपीसीएल के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!