मंगलौर, 13 मई 2026।
हरिद्वार के क्षेत्र मंगलौर में कप्तान नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली मंगलौर पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को भारी मात्रा में स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार, दिनांक 12 मई 2026 की शाम मंगलौर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार एक युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से 260 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 78 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हसीन उर्फ तोता पुत्र सईद निवासी ग्राम लादपुर कला, थाना लक्सर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने अवैध स्मैक (260 ग्राम ) सहित तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर माननीय न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि जनपद में नशा तस्करों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर,उप निरीक्षक अशोक सिरस्वाल,एएसआई अश्वनी यादव (सीआईयू रुड़की),हेड कांस्टेबल शूरबीर सिंह, हेड कांस्टेबल मनमोहन भंडारी (सीआईयू रुड़की), कांस्टेबल राहुल नेगी (सीआईयू रुड़की), कांस्टेबल रविंद्र खत्री, कांस्टेबल मनीष, कांस्टेबल महिपाल सिंह (सीआईयू रुड़की), कांस्टेबल अजय काला (सीआईयू रुड़की) शामिल रहे।