हरिद्वार/लुधियाना, 24 नवंबर ।
जीआरपी उत्तराखंड ने एक सराहनीय सफलता हासिल करते हुए करीब छह माह से लापता छह वर्षीय मासूम आदित को पंजाब के लुधियाना से सकुशल बरामद कर लिया है। जीआरपी हरिद्वार की टीम के लगातार प्रयास, सूझबूझ और दूसरे राज्य में की गई दबिश के चलते आखिरकार मासूम अपने परिजनों तक पहुंच गया। बच्चे की सकुशल बरामदगी से परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 जून 2026 को हरिद्वार रेलवे स्टेशन स्थित चार्जिंग स्टेशन के पास से बिहार निवासी गुड्डू पुत्र राजबीर सिंह का छह वर्षीय बेटा आदित संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों की शिकायत पर 6 जून को जीआरपी हरिद्वार में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेलवेज उत्तराखंड, हरिद्वार सुश्री अरुणा भारती के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक जीआरपी अनुज आर्य के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए विभिन्न स्थानों पर तलाश की और गैर-राज्य में भी दबिश दी।
लगातार छह माह तक चले प्रयासों के बाद 23 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ने लुधियाना, पंजाब से मासूम आदित को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को बाल कल्याण समिति (CWC), हरिद्वार के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसके बाद उसे उसके संरक्षक एवं चाचा मनीष कुमार के सुपुर्द कर दिया गया।
जीआरपी टीम की मेहनत लाई रंग
इस पूरे अभियान में उपनिरीक्षक नीरज जोशी, अपर उपनिरीक्षक अतुल चौहान, कैलाश नाथ, श्यामदास, हेड कांस्टेबल पृथ्वी नेगी, कांस्टेबल मुकेश कुमार, जोगेंद्र कुमार, खलील जावेद तथा एसओजी जीआरपी के कांस्टेबल मनोज कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
छह माह से अपने बच्चे की तलाश में परेशान परिवार के लिए यह खबर किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। जीआरपी हरिद्वार की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि पुलिस का निरंतर प्रयास और संवेदनशीलता किसी परिवार की बिखरी खुशियां वापस लौटा सकती है।