हरिद्वार, 13 मई 2026।
जन अधिकार पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार जिला मुख्यालय पर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते महिला अपराध, गैंगरेप की घटनाओं और अवैध खनन को लेकर सरकार को घेरा और जमकर नारेबाजी की।


पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने कहा कि भाजपा सरकार महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन प्रदेश में लगातार महिला अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आने के बावजूद निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आम जनता की आवाज दबाई जा रही है, जबकि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से कानून व्यवस्था मजबूत करने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री और राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो जन अधिकार पार्टी प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन और धरना प्रदर्शन करेगी।