हरिद्वार, 2 मई ।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET (UG) परीक्षा-2026 रविवार, 03 मई को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक हरिद्वार के दो परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई जाएगी।
उप जिला मजिस्ट्रेट हरिद्वार जितेन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से कराने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा:
पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज, ज्वालापुर (कोड-4505102)
पन्नालाल भल्ला म्यूनिसिपल इंटर कॉलेज, मायापुर (कोड-4505104)
परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 (पूर्व धारा 144) लागू की गई है।
👉 इस दौरान बिना अनुमति 5 या अधिक लोगों के एकत्र होने, जुलूस निकालने और सार्वजनिक सभा करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
👉 किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन और जनभावनाएं भड़काने वाले कार्यों पर रोक रहेगी।
👉 निर्धारित सीमा में ध्वनि प्रदूषण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा, परीक्षा केंद्रों के आसपास हथियार, विस्फोटक पदार्थ, ज्वलनशील सामग्री जैसे पेट्रोल, तेजाब आदि ले जाना सख्त मना है।
परीक्षा केंद्र परिसर में परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की पाठ्य सामग्री, मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।