सिडकुल,01 जून 2026।
हरिद्वार के सिडकुल स्थित गोल्डन ट्री बैंक्वेट हॉल में 31 मई को लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में धनगर समाज के लोगों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत रहे। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत लोकमाता अहिल्याबाई होलकर, धनगर समाज और भारत माता के जयघोष के साथ की। हरीश रावत ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर ने अपने शासनकाल में मंदिरों, बावड़ियों, सड़कों, धर्मशालाओं और जनकल्याणकारी संस्थानों का निर्माण कर लोकसेवा का ऐसा आदर्श प्रस्तुत किया, जो आज भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान के कारण ही उन्हें “लोकमाता” की उपाधि प्राप्त हुई।

पूर्व मुख्यमंत्री ने अहिल्याबाई होलकर को महान समाज सुधारक, कुशल प्रशासक और जनकल्याण की प्रतीक बताते हुए श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को उनके जीवन से सेवा, समर्पण और सुशासन की प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने धनगर समाज सहित सभी प्रदेशवासियों को जयंती की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर और भगवानपुर विधायक ममता राकेश ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा धनगर समाज और कार्यक्रम आयोजक वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज धनगर को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरीश रावत का भव्य स्वागत विशाल पुष्पमाला पहनाकर किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ऑल इंडिया धनगर समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजयपाल होलकर ने की। समारोह में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, अनुसूचित विभाग के जिला अध्यक्ष तीरथपाल रवि, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी वीरेंद्र रावत, झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाटव, मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन, हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत, पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंजू मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज धनगर द्वारा आयोजित इस समारोह में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन, उनके सामाजिक योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!