हरिद्वार, 5 जुलाई।
आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस लगातार “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सघन सत्यापन अभियान चला रही है। इसी क्रम में रविवार को कोतवाली रानीपुर पुलिस ने गैस प्लांट और सुमननगर क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाते हुए किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों, घरेलू नौकरों, मजदूरों, रेहड़ी-ठेली संचालकों, कबाड़ियों तथा संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया।



वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने गैस प्लांट क्षेत्र की बिठ्ठल विहार कॉलोनी, शक्ति नगर कॉलोनी, बैरियर नंबर-6 के आसपास तथा सुमननगर क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 145 किरायेदारों, मजदूरों और घरेलू नौकरों का मौके पर सत्यापन किया गया।



जांच के दौरान बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार और घरेलू नौकर रखने वाले 10 मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा-83 के तहत कार्रवाई करते हुए ₹1,00,000 के कोर्ट चालान किए गए। वहीं, स्वयं का सत्यापन नहीं कराने वाले 8 बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध धारा-81 पुलिस अधिनियम के तहत ₹2,000 के नगद चालान किए गए।
पुलिस ने अभियान के दौरान सभी मकान मालिकों को निर्देशित किया कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों, घरेलू नौकरों एवं अन्य बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सत्यापन नहीं कराने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि कांवड़ मेले के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और अपने यहां रहने वाले प्रत्येक किरायेदार एवं कर्मचारी का समय पर पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं।