रानीपुर, 9 अगस्त।
एसएसपी हरिद्वार के नेतृत्व में कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका से दुष्कर्म और उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की कोशिश के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, 4 अगस्त 2026 को कोतवाली रानीपुर क्षेत्र के सेक्टर-4 केंद्रीय विद्यालय बीएचईएल के पास स्थित जंगल और झाड़ियों में एक नाबालिग बालिका घायल अवस्था में मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल बालिका को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल से उसे एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर किया गया।

पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बालिका के परिजनों की जानकारी जुटाई और उन्हें सूचना दी। परिजनों के पहुंचने के बाद बालिका से घटना के संबंध में जानकारी ली गई।

बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, बालिका ने अपने परिजनों और पुलिस को बताया कि 3 अगस्त 2026 को एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि युवक ने उसे नशीला पदार्थ पिलाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और कथित रूप से जान से मारने की नीयत से उसे बीएचईएल के जंगल में घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बालिका के परिजनों की तहरीर पर कोतवाली रानीपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।

सीसीटीवी खंगालने के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने नाबालिग पीड़िता के बयान दर्ज करने के साथ ही आरोपी की तलाश के लिए सुरागरसी-पतारसी शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।

काफी प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 8 अगस्त 2026 को पुराने पथरी पावर हाउस के पास से आरोपी शेखर उर्फ सनोज को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान
पुलिस के अनुसार,आरोपी शेखर उर्फ सनोज पुत्र यशपाल निवासी ग्राम मिलक जंहागीराबाद थाना धामपुर बिजनौर उ0प्र0 हाल निवासी ब्रह्मपुरी थाना सिडकुल हरिद्वार उम्र 21 वर्ष ! पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे आज न्यायालय के समक्ष पेश किया।

पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के साथ उपनिरीक्षक संदीपा भंडारी, अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल गंभीर तोमर और कांस्टेबल प्रेम सिंह शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!