देहरादून, 29 मई ।
अल्मोड़ा/जागेश्वर। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को राहुल गांधी की प्रस्तावित उत्तराखंड रैली की तैयारियों को लेकर पूरे दिन बेहद सक्रिय नजर आए। उनका 28 मई 2026 का कार्यक्रम प्रातः 10 बजे सर्किट हाउस काठगोदाम में आयोजित पत्रकार वार्ता से शुरू हुआ, जहां उन्होंने समसामयिक मुद्दों पर मीडिया से खुलकर बातचीत की।

इसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे हरीश रावत अल्मोड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली की तैयारियों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर हरीश रावत ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

शाम करीब 5 बजे उन्होंने विधानसभा जागेश्वर क्षेत्र में भी कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रणनीति और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान हरीश रावत ने कहा कि राहुल गांधी का 4 जून और 5 जून का उत्तराखंड भ्रमण ऐतिहासिक होने जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि अल्मोड़ा में होने वाली राहुल गांधी की रैली ऐतिहासिक होगी और उन्हें सुनने के लिए लाखो लोग पहुंचेंगे।

अपने संबोधन में हरीश रावत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के पास अब जनता के मुद्दे नहीं बचे हैं और वह सिर्फ हिंदू-मुसलमान की राजनीति करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के असली मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।

हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस संगठन पूरी निष्ठा और मजबूती के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है। उन्होंने बताया कि पौड़ी में भी व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं, जहां राहुल गांधी पूर्व सैनिकों और आम लोगों से संवाद करेंगे।

साथ ही साथ हरीश रावत 29 मई के अपने भ्रमण कार्यक्रम की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजे विधानसभा सोमेश्वर में राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक एवं बातचीत की जाएगी। इसके बाद शाम 4 बजे विधानसभा द्वाराहाट क्षेत्र के बगवाली पोखर में विधायक मदन सिंह बिष्ट के आवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित होगी। वहीं शाम 7 बजे कौसानी में भी प्रस्तावित रैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा और बैठक की जाएगी।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का 29 मई को विधानसभा सोमेश्वर, बगवाली पोखर (विधानसभा द्वाराहाट) एवं कौसानी क्षेत्र का भ्रमण प्रस्तावित है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और लोकतंत्र की आवाज को मजबूत करें।

राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और पार्टी इसे आगामी राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मान रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!