देहरादून, 26 मई।
देहरादूनके रानीपोखरी क्षेत्र में उत्तराखंड पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल सुनील (उम्र 49 वर्ष ) की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग और क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, जौलीग्रांट एयरपोर्ट में तैनात हेड कॉन्स्टेबल सुनील 25 मई सोमवार रात ड्यूटी समाप्त कर घर लौटे थे। देर रात उनके आवास के बरामदे में उनकी सर्विस कार्बाइन से एक के बाद एक 11 गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग और परिजन दहशत में आ गए।

परिजन तत्काल उन्हें गंभीर अवस्था में हिमालयन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही रानीपोखरी पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद का एंगल भी सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!