देहरादून, 18 नवंबर।

उत्तराखंड शासन में एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। शासन ने छह आईएएस अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से 17 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

शासनादेश के मुताबिक, नितेश कुमार झा को सचिव, पंचायती राज विभाग के पदभार से मुक्त कर दिया गया है। हालांकि, वह सचिव, शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।

वहीं, सी. रविशंकर (IAS-2009) को सचिव, सैनिक कल्याण विभाग की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले उनके पास आवास विकास एवं पर्यावरण संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन विभाग का दायित्व था।

इसी क्रम में युगल किशोर पंत (IAS-2009) को सचिव, सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। उनके अन्य विभागीय दायित्व पूर्ववत बने रहेंगे।

इसके अलावा उमेश नारायण पाण्डेय (IAS-2010) को सचिव, पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, विनीत कुमार (IAS-2013) को निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून के साथ-साथ प्रबंध निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण निगम का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। इन दोनों पदों से दीप्ति सिंह (IAS-2017) को अवमुक्त कर दिया गया है।

अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता नवनीत पाण्डे की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए दायित्व संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत पंचायती राज, सैनिक कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभागों में अहम बदलाव किए गए हैं। शासन के इस फैसले को विभागीय जिम्मेदारियों के पुनर्वितरण के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!