बागेश्वर, 05 जून।
कपकोट थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़िया तोली में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। 22 वर्षीय ममता गढ़िया ने अपने मायके में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद मायके और ससुराल दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार ममता ने करीब एक माह पूर्व पवन गढ़िया के साथ प्रेम विवाह किया था। दोनों पिछले दो वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और आपसी सहमति से विवाह बंधन में बंधे थे। बीते रविवार को ममता अपने पिता देव सिंह के घर आई हुई थी।
बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात ममता ने अपने पिता के मोबाइल फोन से घटना की रिकॉर्डिंग बनाकर दिल्ली में नौकरी कर रहे अपने पति को भेजी। वीडियो मिलने के बाद पति ने तुरंत ससुराल पक्ष को सूचना दी। परिजन जब कमरे के बाहर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था।
दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर ममता फंदे से लटकी मिली। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मायके व ससुराल पक्ष की मौजूदगी में पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार ममता ने करीब पांच माह पहले भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन समय रहते उपचार मिलने से उसकी जान बच गई थी। वह उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही थी और एमए की पढ़ाई के साथ डीएलएड भी कर चुकी थी।
मामले में अभी तक मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और जांच जारी है।