हरिद्वार, 10 अगस्त।
जनपद में लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने डाक कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं से गंगा घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने यात्रियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने को कहा है।

जिलाधिकारी ने गंगा घाटों पर तैनात सुरक्षा बलों, पुलिस जवानों एवं संबंधित अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, ऐसे में कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। घाटों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने अधिकारियों को कांवड़ यात्रा मार्गों और गंगा घाटों पर मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा है। विशेष रूप से संवेदनशील एवं जोखिम वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और श्रद्धालुओं को ऐसे स्थानों पर जाने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने डाक कांवड़ यात्रियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि भारी बारिश के दौरान गंगा में स्नान करने से बचें और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में बिल्कुल न जाएं। यात्रियों से प्रशासन एवं पुलिस के निर्देशों का पालन करने और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा करने की अपील की गई है।

वहीं, भारी बारिश के कारण जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जल निकासी की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी स्थान से जलभराव की सूचना मिलने पर अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचें और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आमजन और कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि भारी वर्षा के कारण जनपद के किसी भी क्षेत्र में कोई अप्रिय घटना घटित होने पर इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाए, ताकि राहत एवं बचाव कार्य बिना किसी देरी के शुरू किए जा सकें। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा मार्गों, गंगा घाटों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतें, जोखिम वाले स्थानों से दूर रहें और प्रशासन एवं पुलिस के सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए अपनी कांवड़ यात्रा सुरक्षित रूप से पूरी करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!