पुलिस की कड़ी निगरानी में संपन्न हुई प्रातःकालीन गंगा आरती…
ड्रोन से निगरानी, घाटों पर कड़ी सुरक्षा…
आस्था और सुरक्षा का संगम : हरिद्वार गंगा दशहरा

हरिद्वार, 25 मई 2026।
गंगा दशहरा महापर्व पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। रविवार देर रात से ही श्रद्धालुओं का हरिद्वार पहुंचना शुरू हो गया था और रात लगभग ढाई बजे से हरकी पैड़ी एवं अन्य प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी। तड़के सुबह तक लाखों श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन और पुण्य स्नान के लिए घाटों पर पहुंच चुके थे।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच प्रातःकालीन गंगा आरती पुलिस की कड़ी निगरानी और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हुई। आरती के दौरान हरकी पैड़ी क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा रहा और श्रद्धालुओं ने मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या रविवार से भी अधिक रहने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस, सिविल पुलिस, पीएसी तथा अन्य सुरक्षा बलों को प्रमुख स्थलों पर तैनात किया गया है। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय हैं।

उन्होंने बताया कि ड्रोन कैमरों के माध्यम से मेला क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है, जबकि सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम से पूरे शहर की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। डाइवर्जन प्वाइंटों पर भी पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी हुई है।

एसएसपी ने कहा कि शहर की प्रमुख पार्किंगों में अभी पर्याप्त स्थान उपलब्ध है। ज्वालापुर, चंडीघाट और अन्य पार्किंग स्थलों में वाहन पार्क किए जा रहे हैं। यदि किसी पार्किंग की क्षमता पूर्ण होती है तो वाहनों को वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की ओर डायवर्ट किया जाएगा। फिलहाल शहर में यातायात और पार्किंग को लेकर किसी प्रकार की समस्या नहीं है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।

गंगा दशहरा के पावन अवसर पर हरिद्वार में आस्था, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिल रहा है। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!