नई दिल्ली,28 सितंबर ।
देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की ओर से 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया गया।

UFBU की ओर से जारी सर्कुलर के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे हुई बैठक में लंबित मांगों पर आगे बातचीत जारी रखने को लेकर सहमति बनी। दोनों पक्षों के बीच हुई चर्चा के बाद तत्काल प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
5-डे बैंकिंग समेत कई मुद्दों पर बनेगी सहमति की राह
बैठक में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर आगे की कार्रवाई को लेकर सहमति बनी। इनमें 5-Day Banking के मुद्दे पर IBA और UFBU की उच्चस्तरीय समिति गठित करना प्रमुख है। इसके अलावा सभी हितधारकों और बैंक ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए शेष शनिवारों को अवकाश घोषित करने के विकल्प पर भी चर्चा की जाएगी।
वहीं, स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों की PLI योजना में संशोधन को लेकर भी बातचीत शुरू करने पर सहमति बनी है। इसके साथ ही 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों के जल्द समाधान की दिशा में भी आगे बढ़ने का निर्णय लिया गया।
ग्राहकों को मिली बड़ी राहत
हड़ताल टलने के बाद बैंक ग्राहकों ने राहत की सांस ली है। प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में कामकाज, नकदी निकासी, चेक क्लियरिंग और अन्य बैंकिंग सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका थी। अब हड़ताल स्थगित होने से बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहने की उम्मीद है।
बैंक कर्मचारियों की मांगों और प्रबंधन के बीच बातचीत का दौर आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल हड़ताल टलने से आम ग्राहकों को तत्काल राहत मिली है और बैंकिंग व्यवस्था सामान्य रूप से चलने की संभावना बनी है।