गाजियाबाद,31 मई 2026।
देश का नाम रोशन करने वाले अंतरराष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी चिराग त्यागी की शनिवार को गाजियाबाद में हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात ने खेल जगत को झकझोर कर रख दिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक चिराग हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स इंटरनेशनल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर लौटे थे और इसी उपलब्धि के साथ उन्होंने एशियन पैरा गेम्स के लिए भी क्वालिफाई किया था।

बताया जा रहा है कि वारदात के समय चिराग अपने घर लौट रहे थे। गाजियाबाद के साईं उपवन क्षेत्र में उनका शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस जांच में हत्या की आशंका सामने आने के बाद आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके आधार पर चिराग के एक साथी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली है।

चिराग त्यागी देश के उभरते हुए पैरा एथलीटों में शामिल थे। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर कई पदक अपने नाम किए और भारत का गौरव बढ़ाया। हाल ही में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने एशियन पैरा गेम्स में जगह बनाई थी, जिससे उनके परिवार, गांव और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल था।

इस दर्दनाक घटना के बाद खेल जगत और चिराग के समर्थकों में गहरा शोक है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!