नौकुचियाताल झील में पर्यटक का शव मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी।
भीमताल, 27 मई।
नैनीताल जनपद के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नौकुचियाताल झील में मंगलवार एक पर्यटक का शव उभरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। झील में शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और मामले की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को झील से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गाजियाबाद निवासी पर्यटक के रूप में हुई है, जो भीमताल स्थित रामा ग्रुप के एक होटल में ठहरे हुए थे।
घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामला रहस्य बना हुआ है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।