कनखल, 22 मई 2026।
कनखल क्षेत्र से दक्ष मंदिर में पूजा करने के बहाने निकली एक नाबालिग बालिका को हरिद्वार पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार 21 मई 2026 को कनखल निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली कनखल में तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री दक्ष मंदिर में पूजा करने गई थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से नाबालिग की लोकेशन उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के तितावी क्षेत्र में ट्रेस की।

पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करते हुए गन्ने के खेतों में छिप गए, लेकिन टीम की सतर्कता और मुस्तैदी के चलते दोनों को पकड़ लिया गया। मौके से नाबालिग बालिका भी सकुशल बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन कुन्नु पुत्र कंवरपाल निवासी ग्राम हेवा, थाना छतरौली, जिला बागपत तथा हर्षवर्धन पुत्र स्वर्गीय बाबूराम निवासी ग्राम मुकुंदपुर, थाना तितावी, जिला मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।

पुलिस द्वारा नाबालिग को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किए जाने पर परिवारजनों और स्थानीय लोगों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सका।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ललित मोहन अधिकारी, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, महिला कांस्टेबल रेखा शर्मा तथा सीआईयू के कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!