भवाली, 21 मई 2026
भवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर ढैला गांव के पास एक महिंद्रा कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक मासूम बच्चा शामिल हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी मृतक बरेली के रहने वाले थे और उत्तराखंड घूमने आए श्रद्धालु बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल फैल गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस, SDRF और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। खाई अत्यधिक गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा। स्थानीय लोगों की मदद से संयुक्त अभियान चलाकर सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी मंजूनाथ टी सी के निर्देश पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे और अभियान की निगरानी करते रहे।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती आशंका वाहन के नियंत्रण खोने की जताई जा रही है, हालांकि तकनीकी और अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है। मृतकों की शिनाख्त और परिजनों से संपर्क की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!