ऊधम सिंह नगर, 2 मई ।
ऊधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र में दिल्ली पुलिस की साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से हड़कंप मच गया। टीम ने छापेमारी कर पांच युवकों को हिरासत में लिया है, जो कथित तौर पर साइबर ठगों के लिए “मनी म्यूल” के रूप में काम कर रहे थे।
हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान समीर बाछाड़, राज बाछाड़, रोहित राय, रोहित मिस्त्री और हरीश सरकार के रूप में हुई है। अचानक हुई पुलिस रेड के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, वहीं परिजनों में भी बेचैनी देखने को मिली। फिलहाल पुलिस द्वारा सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
कैसे करते थे काम ?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक मामूली पैसों के लालच में अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को किराए पर देते थे। इन खातों का इस्तेमाल देशभर में ऑनलाइन ठगी से हासिल रकम को ट्रांसफर करने और निकालने के लिए किया जाता था।
साइबर एक्सपर्ट्स के अनुसार, अब ठग खुद सामने आने के बजाय युवाओं को “मनी म्यूल” बनाकर इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि वे कानूनी कार्रवाई से बच सकें।
साइबर सेल की चेतावनी
दिल्ली साइबर सेल के एसआई नरेश कुमार ने बताया कि साइबर फ्रॉड नेटवर्क के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें आसान पैसे के लालच से दूर रखें।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कुछ हजार रुपये के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या यूपीआई एक्सेस किसी को देना सीधे आपको जेल की सलाखों तक पहुंचा सकता है।
पुलिस की अपील:
किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम या यूपीआई एक्सेस न दें
“आसान कमाई” के ऑफर से सतर्क रहें
किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तुरंत शिकायत करें
साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और साइबर ठगी के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने की अपील की है।