हरिद्वार,22 अक्टूबर 2026।
हरिद्वार में आगामी अर्द्धकुंभ मेले के दौरान मांस-मदिरा और नशीले पदार्थों की बिक्री व सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग उठी है। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर कुंभ क्षेत्र में प्रतिबंध को लेकर अधिसूचना जारी करने की मांग की है।

अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि अर्द्धकुंभ की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और कुंभ नगरी को सजाने-संवारने के लिए करोड़ों रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। ऐसे में शहर की सुंदरता के साथ सनातन परंपराओं और कुंभ पर्व की पवित्रता बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

पंडित अधीर कौशिक ने आरोप लगाया कि वर्तमान में शहर में जगह-जगह मांस-मदिरा की बिक्री और सेवन हो रहा है। ऑनलाइन माध्यमों से भी घरों तक मांस और मदिरा पहुंचाई जा रही है। उन्होंने इसे सनातन परंपराओं के विपरीत बताते हुए चिंता जताई। साथ ही ड्रग्स और नशीले इंजेक्शन की बिक्री पर रोक लगाने की आवश्यकता भी बताई।

उन्होंने कहा कि नशे के बढ़ते प्रचलन से युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। इसलिए अर्द्धकुंभ की पवित्रता बनाए रखने के लिए हरिद्वार कुंभ क्षेत्र में मांस, मदिरा और सभी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री एवं सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।

अखाड़े ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि अर्द्धकुंभ की अवधि के दौरान हरिद्वार धर्मनगरी में इन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आवश्यक अधिसूचना जारी की जाए।

इस दौरान कोतवाल कमल मुनि, रवि चेतन, सुबोधानंद, रमेशानंद, पवनकृष्ण शास्त्री, स्वामी कार्तिक, गौरव, ऋषि और कपिलानंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!