सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने चलाया सर्च अभियान, टीम की तत्परता की हो रही सराहना…
हरिद्वार,18 अक्टूबर 2026।
जीआरपी हरिद्वार पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से 84 वर्षीय बुजुर्ग महिला कांता रानी को सकुशल खोजकर उनके परिजनों से मिला दिया गया। पुलिस की इस तत्परता से परिवार ने राहत की सांस ली और जीआरपी टीम के प्रयासों की सराहना की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को कांता रानी (84 वर्ष), पत्नी राजपाल, निवासी शिवालिक नगर, हरिद्वार अपने बेटे के साथ सूबेदारगंज ट्रेन से कानपुर से हरिद्वार आ रही थीं। यात्रा के दौरान उनका बेटा ज्वालापुर के पास आउटर पर उतर गया, जबकि कांता रानी हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर उतर गईं। इसके बाद महिला के परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेलवे, उत्तराखंड सुश्री अरुणा भारती के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी जीआरपी श्री अनुज के पर्यवेक्षण में जीआरपी थाना हरिद्वार पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर में गहन तलाशी ली और स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से निरीक्षण किया।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर पुलिस ने महिला की संभावित दिशा का पता लगाकर तलाश जारी रखी। पुलिसकर्मियों के अथक प्रयासों और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप कांता रानी को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की गई।
सराहनीय रही पुलिस टीम की तत्परता
इस सफल अभियान में जीआरपी थाना हरिद्वार की टीम के हेड कांस्टेबल रविन्द्र गिरी, कांस्टेबल हैदर और महिला कांस्टेबल कमलजीत कौर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जीआरपी हरिद्वार की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि पुलिस की सतर्कता, संवेदनशीलता और त्वरित प्रयास किसी परिवार के लिए बड़ी राहत बन सकते हैं।