हरिद्वार 02 अक्टूबर 2026।
कनाडा निवासी एनआरआई और रियल एस्टेट कारोबारी हेमंत शर्मा ने क्रिकेट टीम की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर करीब ढाई करोड़ रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया है। बुधवार को हरिद्वार प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अपनी रकम वापस दिलाए जाने की मांग की।

हेमंत शर्मा के मुताबिक कारोबार के सिलसिले में दिल्ली में उनकी मुलाकात हरिद्वार निवासी मनीष भट्ट से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मनीष भट्ट ने बड़े क्रिकेट खिलाड़ियों से अपनी जान-पहचान होने की बात कहते हुए उन्हें नॉर्दर्न वॉरियर की फ्रेंचाइजी दिलाने का भरोसा दिलाया। भरोसे में आकर उन्होंने करीब ढाई करोड़ रुपये दे दिए।

हेमंत शर्मा का आरोप है कि बाद में फ्रेंचाइजी को लेकर किसी अन्य टीम के साथ अनुबंध कराया गया, जबकि जिस फ्रेंचाइजी का उन्हें भरोसा दिलाया गया था, वह उन्हें नहीं मिली। इसके बाद उन्हें कथित धोखाधड़ी का अहसास हुआ। उन्होंने मनीष भट्ट से संपर्क कर रकम वापस मांगी, लेकिन आरोप है कि बातचीत केवल व्हाट्सऐप चैट तक सीमित रही और उन्हें लगातार आश्वासन दिए जाते रहे।

हेमंत शर्मा ने बताया कि करीब एक वर्ष बीत जाने के बाद वह 17 सितंबर को हरिद्वार पहुंचे और एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस प्रशासन के साथ-साथ मुख्यमंत्री से भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उनकी रकम वापस दिलाने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि प्रेसवार्ता का उद्देश्य केवल अपनी शिकायत सामने रखना ही नहीं, बल्कि लोगों को भी सावधान करना है, ताकि भविष्य में कोई अन्य व्यक्ति इस प्रकार के कथित फ्रेंचाइजी या निवेश संबंधी विवाद में नुकसान का शिकार न हो।

प्रेसवार्ता में मौजूद सुमित चौधरी और नीरज चौधरी ने भी सरकार एवं प्रशासन से मामले की जांच कर वास्तविकता सामने लाने तथा हेमंत शर्मा की रकम वापस दिलाने की मांग की।

मनीष भट्ट ने आरोपों को बताया मिथ्या और बेबुनियाद
वहीं, मामले में मनीष भट्ट ने हेमंत शर्मा द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को मिथ्या एवं बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि आपसी रंजिश और 35 लाख रुपये की देनदारी से बचने के लिए उनके खिलाफ मनगढ़ंत आरोप लगाए जा रहे हैं।

मनीष भट्ट के अनुसार 35 लाख रुपये की देनदारी से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है और वह उस मामले में गवाह हैं। उनका आरोप है कि इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस टीम के साथ फ्रेंचाइजी को लेकर हेमंत शर्मा का एग्रीमेंट बताया जा रहा है, उससे उनका कोई संबंध नहीं है और वह उस टीम को भी नहीं जानते।

मनीष भट्ट ने कहा कि वह लगाए गए आरोपों के संबंध में जल्द कानूनी कार्रवाई करेंगे।
फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं। मामले की वास्तविकता पुलिस जांच और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!