WAVES Film Bazaar में उत्तराखंड पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र, देश-विदेश के फिल्मकारों ने दिखाई शूटिंग और फिल्म निर्माण में रुचि; फिल्म पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

गोवा, 21 नवंबर।
गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 में उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और आकर्षक फिल्म नीति के दम पर देश-विदेश के फिल्मकारों का ध्यान खींच रहा है। समारोह के अंतर्गत आयोजित WAVES Film Bazaar-2026 में उत्तराखंड पवेलियन प्रमुख आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्देशक, निर्माता तथा फिल्म उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि बड़ी संख्या में पहुंचकर प्रदेश में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं और सरकार की प्रोत्साहन नीतियों में गहरी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

उत्तराखंड के लिए उस समय विशेष उपलब्धि का क्षण रहा, जब भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने उत्तराखंड पवेलियन का दौरा किया। उन्होंने प्रदेश की फिल्म नीति की खुलकर सराहना करते हुए इसे देश के अन्य राज्यों की तुलना में बेहतरीन बताया। साथ ही उत्तराखंड के प्राकृतिक सौंदर्य, मनमोहक वादियों और शानदार शूटिंग लोकेशंस की प्रशंसा की। उन्होंने फिल्म शूटिंग को प्रोत्साहित करने और फिल्मकारों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों को भी सराहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत में भी अपनी पहचान बना रही है। WAVES Film Bazaar में पहुंच रहे फिल्मकार नीति के प्रावधानों, शूटिंग सुविधाओं और राज्य सरकार की ओर से दिए जा रहे प्रोत्साहनों के बारे में जानकारी ले रहे हैं। प्रदेश के प्राकृतिक लोकेशंस और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण को लेकर भी फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।

गौरतलब है कि 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह का शुभारंभ गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, समारोह निदेशक आशुतोष गोवारिकर, अभिनेता कार्तिक आर्यन और अभिनेत्री साई पल्लवी सहित कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं।

इस अवसर पर उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने कहा कि IFFI-2026 में उत्तराखंड पवेलियन को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया प्रदेश के लिए उत्साहजनक है। देशी-विदेशी फिल्मकारों की बढ़ती रुचि से उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं को नए आयाम मिलेंगे। परिषद का लक्ष्य उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इसके साथ ही फिल्म पर्यटन के जरिए स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को गति देना भी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद की ओर से संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी के.एस. चौहान तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे।

उत्तराखंड की फिल्म नीति को मिल रही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सराहना प्रदेश के पर्यटन, रोजगार और फिल्म उद्योग के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलती नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!