हरिद्वार,20 नवंबर ।
UGC के नए प्रावधानों को लेकर सामान्य वर्ग (स्वर्ण समाज) में नाराजगी बढ़ती नजर आ रही है। इसी क्रम में हरिद्वार स्थित परशुराम घाट पर स्वर्ण समाज के लोगों ने एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर UGC के नए प्रावधानों को वापस लेने (रोलबैक) की मांग उठाई।
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी की उत्तराखंड प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इसी को देखते हुए स्वर्ण समाज के लोगों ने रक्षा मंत्री के समक्ष अपनी मांग रखने की रणनीति तैयार की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात के लिए समय मांगेगा और UGC के नए प्रावधानों को लेकर समाज की चिंताओं एवं मांगों से उन्हें अवगत कराएगा। इसके लिए जिलाधिकारी हरिद्वार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात का समय दिलाने में सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि UGC से जुड़े नए प्रावधानों को लेकर बच्चों, विद्यार्थियों और युवाओं के बीच असंतोष है। ऐसे में सरकार को इस विषय पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और समाज की चिंताओं को सुनना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिनिधिमंडल अपनी बात शांतिपूर्ण और मर्यादित तरीके से रक्षा मंत्री के सामने रखेगा।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि यदि प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात का समय नहीं मिलता है, तो समाज लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने के लिए आगे की रणनीति तय करेगा।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के शिरोमणि पदम प्रकाश जी, स्वामी कार्तिक गिरी जी, ब्राह्मण समाज एवं समाजसेवी युवा नेता करण पंडित जी, राधे शर्मा, पंडित अधीर कौशिक, आशीष शर्मा, विशाल सिंह सहित बड़ी संख्या में स्वर्ण समाज के लोग उपस्थित रहे।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात हो पाती है या नहीं।