बिना बताए बच्ची को अपने साथ ले गई थी महिला, CCTV और मुखबिर तंत्र की मदद से चमकादड़ टापू से हुई बरामदगी…
हरिद्वार, 16 सितम्बर ।
कोतवाली नगर क्षेत्र में 20 दिन की दूधमुंही बच्ची के अचानक लापता होने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और महज 18 घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिवार ने राहत की सांस ली और हरिद्वार पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को रामबाबू पुत्र बिरजू मुखिया, निवासी झुमरी, थाना पीपलाकोठी, जनपद मोतिहारी, बिहार ने चौकी रोड़ीबेलवाला, कोतवाली नगर हरिद्वार में सूचना दी कि वह अपने परिवार के साथ पंडित दीनदयाल पार्किंग, ऊंचा पुल के नीचे रह रहे हैं। इसी दौरान उनके साथ रहने वाली सोना नामक महिला उनकी 20 दिन की बच्ची को बिना बताए अपने साथ ले गई।

इतनी कम उम्र की बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीम गठित की गई और बच्ची की तलाश के लिए अलग-अलग स्तर पर प्रयास शुरू किए गए।
CCTV फुटेज से लेकर मुखबिर तंत्र तक, पुलिस ने चलाया अभियान
पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला, साथ ही संभावित स्थानों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस ने बच्ची की सकुशल बरामदगी को प्राथमिकता देते हुए तेजी से सुराग जुटाए।
लगातार किए जा रहे प्रयासों के बीच पुलिस टीम को महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी। इसके आधार पर पुलिस ने चमकादड़ टापू क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए महिला सोना को बच्ची के साथ सकुशल बरामद कर लिया।

परिजनों को सौंपते ही चेहरे पर लौटी खुशी
पुलिस द्वारा महज 18 घंटे के भीतर 20 दिन की मासूम बच्ची को सकुशल बरामद किए जाने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची को सुरक्षित पाकर परिजनों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी। परिजनों ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस की इस कार्रवाई में त्वरित सूचना पर रिस्पांस, CCTV फुटेज का विश्लेषण और सक्रिय मुखबिर तंत्र महत्वपूर्ण साबित हुआ। बेहद कम उम्र की बच्ची से जुड़े संवेदनशील मामले में पुलिस की तत्परता ने परिजनों को बड़ी राहत पहुंचाई।
बरामदगी
- 20 दिन की दूधमुंही बच्ची सकुशल बरामद।
- बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
कोतवाली नगर पुलिस टीम में मुख्या रूप से शामिल रहे
- कुन्दन सिंह राणा, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली नगर हरिद्वार
- व0उ0नि0 नन्दकिशोर ग्वाड़ी
- उ0नि0 नवीन चौहान
- हे0कानि0 नापु संजय पाल
- हे0कानि0 नापु चन्द्रशेखर
- कानि0 नापु पवन
- कानि0 नापु राकेश
- कानि0 नापु वीरेन्द्र सिंह