रानीपुर पुलिस ने लूटे गए चांदी के सिक्के, मूर्ति, एप्पल आईफोन समेत सामान किया बरामद…
घटना में प्रयुक्त कैंची और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद

हरिद्वार, 26 अगस्त 2026।
कोतवाली रानीपुर पुलिस ने शिवलोक कॉलोनी क्षेत्र में ज्वेलर्स के साथ हुई लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए चांदी के सिक्के, सफेद धातु की मूर्ति, पेंडल, एप्पल आईफोन, दस्तावेज, बैग समेत घटना में प्रयुक्त कैंची और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 की रात शिवलोक कॉलोनी के पास तीन बदमाशों ने स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से एक ज्वेलर्स का पीछा कर उसका बैग लूट लिया था। बैग में करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण, दुकान की चाबियां, एप्पल आईफोन, बीएचईएल मेडिकल कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। मामले में कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीमों ने सीआईयू हरिद्वार की मदद से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के डिजिटल साक्ष्य खंगाले तथा संदिग्धों की तलाश शुरू की।

25 अगस्त को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बीएचईएल के मटेरियल गेट के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसमें सवार तीन युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान रितिक , सौरभ और राजीव सैनी के रूप में हुई।

ज्वेलर्स का पीछा कर बनाई थी लूट की योजना
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने कांवड़ मेले के दौरान बैरागी कैंप में दुकान लगाई थी। इसी दौरान वे कनखल में सुनार की दुकान के आसपास आते-जाते थे। आरोपियों की नजर ज्वेलर्स पर पड़ी और उन्होंने उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त को भी आरोपियों ने ज्वेलर्स का पीछा किया था, लेकिन उस दिन वे वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद 21 अगस्त को तीनों ने दोबारा उसका पीछा किया और शिवलोक कॉलोनी के पास मौका पाकर कैंची से बैग का पट्टा काट दिया और बैग लेकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित के साथ छीना-झपटी की और कैंची दिखाकर धमकी दी। वारदात के बाद आरोपी लूटा गया सामान राजा गार्डन, जगजीतपुर स्थित रितिक उर्फ टोपो के कमरे में ले गए।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कमरे की तलाशी लेकर लूटा गया सामान बरामद कर लिया।

यह सामान हुआ बरामद
05 सफेद धातु के सिक्के, 01 सफेद धातु की गाय की मूर्ति, 01 सफेद धातु का पेंडल, 01 एप्पल मोबाइल फोन, आधार कार्ड की छायाप्रति
बीएचईएल मेडिकल हेल्थ कार्ड/बुकलेट व अन्य दस्तावेज, 01 नीले रंग का बैग, घटना में प्रयुक्त 01 कैंची, घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर ,
मोटरसाइकिल

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस तथा आपराधिक षड्यंत्र के संबंध में धारा बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। मामले में अन्य तथ्यों को लेकर विवेचना जारी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपियों को 26 अगस्त 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान
रितिक(उम्र 22 वर्ष) उर्फ टोपो, निवासी ग्राम खंजरपुर, थाना मोदीनगर, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश।
सौरभ (उम्र 19 वर्ष ), निवासी ग्राम टांडा साहूवाला, थाना बढ़ापुर, बिजनौर, उत्तर प्रदेश।
राजीव सैनी (उम्र 21 वर्ष ) उर्फ सागर, निवासी ग्राम चांदपुर, थाना पथरी, हरिद्वार।

कार्यवाही करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक मनोहर भण्डारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्द किशोर ग्वाडी, उपनिरीक्षक मंदीप सिंह, अपर उपनिरीक्षक सुबोध घड़ियाल, हेड कांस्टेबल जितेंद्र चौधरी, हेड कांस्टेबल बिमल सिंह, कांस्टेबल विवेक गुसाईं, कांस्टेबल प्रेम सिंह, कांस्टेबल उदय नेगी और कांस्टेबल चालक नीलय यादव।
सीआईयू टीम: निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट एवं कांस्टेबल वसीम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!