2 क्विंटल सेमी-प्रोसेस्ड पनीर नष्ट, पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर बरामद; इकाई अग्रिम आदेश तक बंद
हरिद्वार, 04 अक्टूबर 2026।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी एवं प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए रुड़की ब्लॉक के नन्हेड़ा अनेतपुर स्थित एक पनीर निर्माण इकाई पर देर रात छापेमारी की। कार्रवाई में प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के निर्माण, संग्रह एवं विक्रय का मामला सामने आया।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखण्ड विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में 03 अक्टूबर की रात्रि को की गई। उपायुक्त गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से पनीर निर्माण इकाई का निरीक्षण किया।
पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर से बन रहा था पनीर
छापेमारी के दौरान पनीर निर्माता आजाद पुत्र ईसाक के परिसर से लगभग 20 किलो पामोलीन ऑयल और 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर बरामद किया गया। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूछताछ में निर्माता ने पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर का इस्तेमाल कर पनीर तैयार करने तथा उसे बाजार में 240 रुपये प्रति किलो की दर से बेचने की बात स्वीकार की।
मौके पर लगभग 2 क्विंटल सेमी-प्रोसेस्ड पनीर तथा 20 किलो पामोलीन ऑयल को नष्ट कराया गया, जबकि स्किम्ड मिल्क पाउडर को सीज कर जब्त कर लिया गया।
जांच के लिए तीन नमूने प्रयोगशाला भेजे
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई के दौरान खुले पनीर, खुले पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर के तीन विधिक नमूने लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की दिशा स्पष्ट होगी।
पनीर निर्माण इकाई अग्रिम आदेश तक बंद
प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ एनालॉग पनीर के निर्माण के मामले में संबंधित पनीर निर्माण इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया है। साथ ही पनीर निर्माता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप
रात में हुई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री से जुड़े कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। विभागीय कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को नियमों के विपरीत तैयार किए जा रहे खाद्य उत्पादों से बचाना है।
कार्रवाई में सहायक आयुक्त हरिद्वार महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं पवन कुमार तथा एसपी देहात अभय प्रताप सिंह के सहयोग से उपलब्ध पुलिस बल शामिल रहा। टीम में एडीपीओ सत्यपाल सिंह, कांस्टेबल सुधीर कुमार, योगेन्द्र सिंह, परीक्षित, सोनू पुरी तथा महिला कांस्टेबल रोमा एवं निर्मला शामिल रहे।