हरिद्वार,31 अक्टूबर ।
जनपद में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 88 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने 30 अक्टूबर 2026 को यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई रामलीला ग्राउंड, सेक्टर-1 में की गई, जहां से विष्णुलोक कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय विवेक बक्शी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 40 पव्वे देशी शराब किन्नू मार्का बरामद हुई।
वहीं दूसरी कार्रवाई बैरियर नंबर-06, फर्नीचर फैक्ट्री के पास की गई। यहां से सलेमपुर निवासी 28 वर्षीय सौरभ को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 48 टेट्रा पैक देशी शराब माल्टा मार्का बरामद हुई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रानीपुर में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल अमित चौधरी, कांस्टेबल दिग्पाल, कांस्टेबल उदय चौहान और कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।
अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस ने तस्करों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया हुआ है। अब देखना होगा कि पुलिस की यह मुहिम अवैध शराब के कारोबार पर कितनी प्रभावी रोक लगा पाती है।