मुफ्त शो में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, दर्शकों को रिफ्रेशमेंट के साथ भेंट की गई हनुमान चालीसा; विधायक सरिता आर्या समेत कई प्रमुख लोग पहुंचे

नैनीताल,07 सितंबर 2026।
बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन और आध्यात्मिक संदेश पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को लेकर नैनीताल में श्रद्धा और उत्साह का अनूठा माहौल देखने को मिला। शहर के कैपिटल सिनेमा हॉल में हिंदूवादी संगठनों और समाजसेवियों की पहल पर फिल्म का विशेष मुफ्त शो आयोजित किया गया, जिसमें 300 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। बच्चों, महिलाओं और युवाओं समेत बड़ी संख्या में दर्शक फिल्म देखने पहुंचे।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सिनेमा हॉल की सबसे आगे वाली नंबर-9 सीट पर श्री हनुमान जी और बाबा नीब करौरी महाराज की प्रतिमा को विधिवत विराजमान किया गया। फिल्म देखने पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस पहल को आस्था और भक्ति से जुड़ा भावनात्मक अनुभव बताया।

फिल्म के इस विशेष शो को ‘हनुमान भक्त’, ‘जय श्रीराम सेवा दल’ तथा अल्मोड़ा अर्बन ग्रामीण बैंक के प्रबंधक रोमित साह जगाती की ओर से स्पॉन्सर किया गया। आयोजन में क्षेत्र के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
लगभग ढाई घंटे की फिल्म के दौरान दर्शकों के लिए रिफ्रेशमेंट की भी व्यवस्था की गई। उन्हें फ्रूटी, समोसे और पानी वितरित किया गया। फिल्म समाप्त होने के बाद सभी श्रद्धालुओं को पतीसे का प्रसाद और हनुमान चालीसा भेंट की गई।

छात्र-छात्राओं ने भी दिखाई उत्सुकता
फिल्म को लेकर युवाओं और स्कूली विद्यार्थियों में भी खास उत्साह दिखाई दिया। बालिका विद्या मंदिर (एम.एल.एस.बी.वी.एम.) की 25 छात्राएं तथा सरस्वती विद्या मंदिर के 55 छात्र विशेष शो में शामिल हुए। इसके अलावा बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी फिल्म देखने पहुंचे।

विधायक समेत कई प्रमुख लोग पहुंचे
विशेष शो में विधायक सरिता आर्या, मंडलाध्यक्ष नितिन कार्की और भरत मेहरा समेत कई गणमान्य लोग भी फिल्म देखने पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान बाबा नीब करौरी महाराज और श्री हनुमान जी के प्रति श्रद्धा का भाव देखने को मिला।

आयोजन को सफल बनाने में इनकी रही अहम भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में मनमोहन सिंह बिष्ट, पंकज बिष्ट, अमित पांडेय, सोनू बिष्ट, मनोज कुमार, रोहित कुमार गौड़, विनोद कुमार, सूरज, सुनील, अमित साह, विवेक वर्मा, संजय, प्रदीप कुमार, तरुण लूथरा, भवान सिंह बिष्ट, ललित बिष्ट, सूरज राणा, गौरव आर्या, संजय सिंह बिष्ट, अमित मेहरा, विनायक साह, अम्मू पाण्डे, सोनू कुमार और पवन कन्याल सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वहीं बॉबी बिष्ट, रौनक सक्सेना, कुणाल बेदी और चेतन बिष्ट समेत अन्य सहयोगियों ने भी आयोजन की व्यवस्थाओं को सफल बनाने में योगदान दिया।

मंगलवार और रविवार को भी होंगे विशेष शो
संगठन की ओर से मनमोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि नैनीताल में फिल्म को मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रिया और पहले शो की सफलता को देखते हुए मंगलवार और रविवार को भी एक-एक विशेष शो रखा गया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम 4 बजे होने वाले शो के टिकट पूरी तरह फुल हो चुके हैं।

आयोजकों के अनुसार, फिल्म को लेकर दर्शकों में जिस तरह का उत्साह देखने को मिल रहा है, उससे साफ है कि बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, उनके आध्यात्मिक विचारों और श्री हनुमान भक्ति से जुड़ी इस प्रस्तुति ने नैनीताल के दर्शकों के बीच खास जगह बनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!