टिहरी गढ़वाल से गुजरात तक पसरा मातम, एक ही परिवार के सात लोगों की जिंदगी पलभर में खत्म; मृतकों में महज तीन महीने की मासूम भी शामिल

उत्तराखंड/गुजरात,22 नवंबर ।
खुशियों के साथ घूमने निकला परिवार कभी अपने घर वापस नहीं लौटेगा, इसकी कल्पना शायद किसी ने सपने में भी नहीं की होगी। गुजरात के कच्छ में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर शनिवार रात ट्रेलर और कार के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और तीन मासूम बच्चियां शामिल हैं, जिनमें महज तीन महीने की एक नन्ही बच्ची भी थी।

जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच खावड़ा के पास हुआ। उत्तराखंड नंबर की कार में सवार सभी लोग रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद भुज लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर से कार की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर लोहे के ढेर में तब्दील हो गई। हादसे में कार सवार सभी सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। कार में बुरी तरह फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल को कई घंटों तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के एक जवान के परिवार एवं रिश्तेदारों से संबंधित थे। एक ही परिवार के सात लोगों की असमय मौत की खबर से उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), उनकी तीन महीने की बेटी सिविका, राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका के रूप में हुई है।

पलभर में उजड़ गए परिवार, तीन मासूमों की जिंदगी भी छिनी
एक साथ सात लोगों की मौत ने कई परिवारों को जिंदगीभर का ऐसा जख्म दे दिया है, जिसे शायद ही कभी भुलाया जा सके। जिन बच्चों के लिए दुनिया अभी नई थी, जिनकी जिंदगी में अभी खुशियों के अनगिनत रंग भरने बाकी थे, वे भी इस हादसे का शिकार हो गईं।

गुजरात के कच्छ में हुआ यह हादसा सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि कई परिवारों के सपनों और खुशियों का अंत बन गया। उत्तराखंड की धरती अपने सात लोगों को खोने के गम में शोकाकुल है।

ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें। ॐ शांति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!