देवउठनी एकादशी और इगास-बग्वाल पर गोविंदपुरी घाट में हुआ भव्य आयोजन, स्वच्छता अभियान से लेकर गंगा पूजन और दीपदान तक दिखी सांस्कृतिक विरासत की झलक

हरिद्वार,22नवंबर ।

भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को संरक्षित करने के उद्देश्य से संस्कार भारती महानगर इकाई, हरिद्वार की ओर से देवउठनी एकादशी एवं पारंपरिक लोकपर्व इगास-बग्वाल (बूढ़ी दीपावली) के पावन अवसर पर गोविंदपुरी घाट पर भव्य सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के बीच गंगा तट पर सैकड़ों दीप प्रज्ज्वलित कर संस्कृति संरक्षण, सामाजिक समरसता और सकारात्मकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता अभियान से हुई। संस्कार भारती के सदस्यों और उपस्थित लोगों ने गोविंदपुरी घाट परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संदेश दिया। इसके बाद संस्था की मातृशक्ति ने आकर्षक फूलों की रंगोली और दीप सज्जा से घाट को पारंपरिक एवं मनमोहक स्वरूप प्रदान किया।

सायंकाल आचार्य शिवनारायण शर्मा के सानिध्य में गंगा पूजन, आरती और दीपदान का आयोजन संपन्न हुआ। गंगा तट पर जगमगाते दीपों की रोशनी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान दीपों के माध्यम से श्रद्धा, सद्भाव, सकारात्मकता और राष्ट्र के मंगल की कामना का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अध्यात्म चेतना संघ के संस्थापक एवं कथाव्यास आचार्य करुणेश मिश्र तथा भेल के पूर्व महाप्रबंधक एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संपर्क प्रमुख संजय पवार ने देवउठनी एकादशी के धार्मिक महत्व और उत्तराखंड के लोकपर्व इगास-बग्वाल की सांस्कृतिक विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में अपनी लोकसंस्कृति, पारंपरिक पर्वों और रीति-रिवाजों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर संस्कार भारती परिवार ने भारतीय संस्कृति के मूल्यों, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सेवा भाव को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

समाजसेवी रोहन सहगल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि संस्कार भारती की यह पहल भारतीय संस्कृति के संरक्षण, लोकपर्वों के संवर्धन और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार की दिशा में सराहनीय प्रयास है। वहीं इकाई मंत्री संतोष कुमार साहू ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सामूहिक सहभागिता से ही हमारी सांस्कृतिक परंपराएं जीवंत और चिरस्थायी बनी रह सकती हैं।

कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार द्वारा हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के नव नामित सदस्य एवं संस्कार भारती के संरक्षक डॉ. विशाल गर्ग, वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति जगदीश लाल पाहवा, भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य रोहन सहगल, प्रमोद शर्मा, महेंद्र आहूजा, डॉ. महेश चंद्र काला, डॉ. गौरव गुप्ता, डॉ. नूपुर गुप्ता, संस्कार भारती उत्तराखंड के प्रांत मंत्री राकेश मालवीय, प्रांतीय मातृशक्ति प्रमुख ज्योति भट्ट, इकाई उपाध्यक्ष पुष्प लता हंस, सुभाष हंस सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

गंगा तट पर दीपों की यह जगमगाहट केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं बनी, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों, लोकपरंपराओं और सामाजिक दायित्वों से जोड़ने का प्रेरणादायी संदेश भी दे गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!