रुड़की/हरिद्वार, 4 जुलाई।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कार्रवाई करते हुए नाबालिग के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित को रुड़की क्षेत्र में रेलवे पुल के पास लढौरा के निकट से दबोचा। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

कोतवाली रुड़की पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दिनाँक 3 जुलाई को पीड़ित नाबालिग के परिजन ने कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई कि हसन उर्फ प्लास्टिक पुत्र मकसूद, निवासी ग्राम जबरदस्त पूर्व, कोतवाली रुड़की, उनके नाबालिग पुत्र का अपहरण कर उसे डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर कोतवाली रुड़की में मुकदमा दर्ज करते हुए पोक्सो अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अंशु चौधरी को सौंपी गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए, जिसके बाद एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना और सघन तलाश अभियान के दौरान आरोपित हसन पुत्र मकसूद को रेलवे पुल के पास लढौरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अंशु चौधरी एवं हेड कांस्टेबल भूपेंद्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!