हरिद्वार, 03 जून 2026।
देहरादून से दिल्ली-जयपुर जा रही एक वोल्वो बस में आज बुधवार तड़के हरिद्वार-दिल्ली रोड पर अचानक आग लग गई। हादसा 03 जून सुबह करीब 4 बजे क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे पुलिस चौकी शांतारशाह से लगभग 200 मीटर पहले हुआ। आग लगने के समय बस में 32 यात्री सवार थे, जिनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल थे।
जानकारी के अनुसार, बस संख्या MP44 ZC 6994 (महालक्ष्मी फिलिप्स वोल्वो) देहरादून से ऋषिकेश होते हुए दिल्ली और जयपुर जा रही थी। इसी दौरान तकनीकी खराबी के कारण बस में अचानक आग लग गई। चालक अरुण कुमार और परिचालक रिंकू ने तत्काल यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि यात्रियों का सामान और लगेज बस में ही रह गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद रुड़की से फायर टेंडर बुलाया गया। पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
बस चालक ने प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण इंजन की तरफ से तकनीकी खराबी बताया है। पुलिस ने सभी यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया।
यात्रियों ने संकट की घड़ी में त्वरित सहायता और बेहतर व्यवस्था के लिए हरिद्वार पुलिस एवं फायर सर्विस का आभार व्यक्त किया। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।