हरिद्वार, 02 जून 2026।
हरिद्वार पुलिस के ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कोतवाली कलियर पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.416 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत बाजार में करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार , सोमवार दिनांक 1 जून 2026 को नियमित चेकिंग अभियान के दौरान मुकर्रबपुर स्थित सरकारी स्कूल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2.416 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुन्तियाज पुत्र मोहम्मद ताहिर, निवासी धरमपुर सरोवगी, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर (वर्तमान पता- सरकारी स्कूल के पास, मुकर्रबपुर, पिरान कलियर, हरिद्वार) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली कलियर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी का कार्य करता है और अधिक पैसे कमाने के लालच में रुड़की से गांजा लाकर कलियर क्षेत्र में नशे के आदी लोगों तथा बाबा के वेश में रहने वाले व्यक्तियों को छोटी-छोटी मात्रा में बेचता था।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी, उपनिरीक्षक विनोद कुमार गोला, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, हेड कांस्टेबल इसरार तथा होमगार्ड अंकित कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!