चाइना पीक (नैनीताल),26 मई।
उत्तराखंड के नैनीताल स्थित प्रसिद्ध चाइना पीक (नैना पीक) पर ट्रैकिंग के दौरान एक युवक गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक का सफल रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद के मानपुर निवासी 24 वर्षीय साजिद पुत्र खुर्शीद अपने दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने और ट्रैकिंग के लिए चाइना पीक पहुंचा था। ट्रैकिंग के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया, जिससे वह संतुलन खो बैठा और करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कठिन पहाड़ी रास्तों पर ट्रैकिंग करते हुए युवक का पता लगाया और विशेष उपकरणों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायल युवक को स्ट्रेचर के माध्यम से सड़क तक लाया गया।
प्राथमिक जांच में युवक के सिर पर चोट लगने की जानकारी मिली। मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एसडीआरएफ और पुलिस की त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने रेस्क्यू टीम के प्रयासों की सराहना की है।