भीमताल , 07 मई 2026
भीमताल विधानसभा क्षेत्र में बेमौसमी बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि ने किसानों की उम्मीदों पर बड़ा आघात पहुंचाया है। खेतों में तैयार खड़ी फसलें कुछ ही देर में तबाह हो गईं, जिससे पहाड़ के किसान भारी नुकसान और चिंता के दौर से गुजर रहे हैं। प्रभावित क्षेत्रों का हाल जानने के लिए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा स्वयं गांवों में पहुंचे और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने धारी, सुन्दरखाल, सुन्दरनगर, दाडीम, ओड़ाखान, तल्लारामगढ़, झूतिया, बोहराकोट और डाकबंगला समेत कई गांवों का दौरा कर ओलावृष्टि से हुए नुकसान का निरीक्षण किया। किसानों ने बताया कि आड़ू, पुलम, खुमानी, मटर, मिर्च, टमाटर और आलू जैसी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ा है।
दौरे के दौरान मंत्री कैड़ा ने जिलाधिकारी नैनीताल से दूरभाष पर बातचीत कर कहा कि भीमताल विधानसभा के अंतर्गत ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि कृषि एवं उद्यान विभाग की टीमें तत्काल गांव-गांव जाकर नुकसान का आकलन करें और प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। ऐसे कठिन समय में सरकार किसानों के साथ खड़ी है और किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल और अन्य स्थानीय समस्याएं भी मंत्री के सामने रखीं। जिस पर मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही फोन कर समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए।
मंत्री के गांव-गांव पहुंचने से प्रभावित किसानों और ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने आशा जताई कि प्रशासन जल्द सर्वे कराकर मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करेगा, जिससे नुकसान झेल रहे किसानों को कुछ राहत मिल सके।