नैनीताल, 12 मई 2026।
उत्तराखंड के नैनीताल स्थित कृष्णापुर क्षेत्र में पहाड़ी से गिरे भारी बोल्डरों के मामले को गंभीरता से लेते हुए सचिव मुख्यमंत्री एवं कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने मंगलवार दिनांक 12 मई 2026 को मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ क्षेत्र का जायजा लिया और स्थानीय लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि 4 मई की शाम कृष्णापुर क्षेत्र में पहाड़ी से भारी भरकम बोल्डर अचानक नीचे आ गिरे थे। एक विशाल बोल्डर सड़क किनारे खड़ी कार पर गिरकर रुक गया था। राहत की बात यह रही कि बोल्डर आगे नहीं बढ़ा, जिससे नीचे बने आवासीय भवनों को किसी प्रकार का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि सड़क पर पड़े बोल्डरों को तोड़कर जल्द हटाया जाए और भविष्य में पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा उपाय किए जाएं।

स्थानीय लोगों ने भी आयुक्त को क्षेत्र की अन्य समस्याओं से अवगत कराया। लोगों की परेशानी को देखते हुए आयुक्त ने दोपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक सी.सी. मार्ग के सर्वे कराने के निर्देश दिए। साथ ही वर्तमान मार्ग की मरम्मत कार्य जल्द शुरू करने के आदेश भी अधिकारियों को दिए गए।

प्रशासन ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया है कि सुरक्षा और आवागमन बहाल करने के लिए सभी जरूरी कदम तेजी से उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!