कोतवाली बहादराबाद , 28 जून।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए अपनी पत्नी को जहर देकर मौत के घाट उतारने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। वैज्ञानिक साक्ष्यों और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दबोचते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 4 फरवरी 2026 को ग्राम मरगूबपुर निवासी मोहम्मद अनीश पुत्र नियाज ने कोतवाली बहादराबाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बहन की मृत्यु सामान्य नहीं है, बल्कि उसके पति अफजाल द्वारा इलाज के बहाने पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने के कारण हुई है। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद उसकी बहन की तबीयत बिगड़ गई थी और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बहादराबाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की विवेचना स्वयं प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह द्वारा की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा फील्ड यूनिट की सहायता से आवश्यक भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। वहीं पोस्टमार्टम के उपरांत मृतका के बिसरा को परीक्षण हेतु विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया।

जांच में महत्वपूर्ण मोड़ तब आया जब एफएसएल रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मृतका की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई थी। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य तथ्यों तथा अन्य सबूतों का गहन विश्लेषण किया। विवेचना में आरोपी पति अफजाल की भूमिका स्पष्ट होने पर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था और अपना ठिकाना बदल रहा था। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि वह क्षेत्र छोड़कर भागने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बहादराबाद पुलिस टीम ने 27 जून 2026 को बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल, शांतर्शाह क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी की बीमारी से परेशान था। इसी कारण उसने योजनाबद्ध तरीके से पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पत्नी को पिला दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अफजाल (उम्र 38 ) पुत्र मुस्लिम, निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद, कोतवाली बहादराबाद, जनपद हरिद्वार, वर्ष के रूप में हुई है।

इस महत्वपूर्ण खुलासे में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, उपनिरीक्षक करम सिंह, कांस्टेबल अरुण चमोली एवं कांस्टेबल विकास थापा की विशेष भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!