24 मई हरिद्वार।
गंगा दशहरा स्नान पर्व और सप्ताहांत के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने बताया कि 23 मई की रात 12 बजे से गंगा दशहरा पर्व समाप्त होने तक शहर में सभी भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही 24 और 25 मई को यातायात दबाव के अनुसार व्यापक रूट डायवर्जन योजना लागू की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, 24 मई की रात 8 बजे से बसों, ट्रैक्टरों और अन्य बड़े यात्री वाहनों को चमगादड़ टापू पार्किंग में भेजा जाएगा। वहीं 24 मई सुबह 3 बजे से दिल्ली और मेरठ की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को नगला इमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग में रोका जाएगा। देहरादून से आने वाले वाहनों के लिए लालजीवाला तथा नजीबाबाद की ओर से आने वाले वाहनों के लिए नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

प्रमुख यातायात व्यवस्थाएं
ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर किसी भी भारी वाहन को शहर सीमा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
नगला इमरती से वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग एवं होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा।
चीला मार्ग का उपयोग केवल ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों के लिए एक्जिट रूट के रूप में होगा।
सामान्य यातायात के दौरान गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से वाहन सिंहद्वार होते हुए शंकराचार्य चौक की ओर भेजे जाएंगे।
टोल प्लाजा पर दबाव बढ़ने पर नहर पटरी मार्ग को एक्जिट रूट के रूप में प्रयोग किया जाएगा।
आवश्यकता पड़ने पर देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों को मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा।

दिल्ली, मेरठ और पंजाब से आने वाले वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था
दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब क्षेत्र से आने वाले वाहनों को दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर इन्हें बैरागी कैंप पार्किंग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

वहीं देहरादून और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को सहारनपुर, भगवानपुर, सालियर, बिझौली चौक, एनएच-344, छुटमलपुर, बिहारीगढ़ और मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा।

चारधाम यात्रा वाहनों के लिए अलग रूट
चारधाम यात्रा से लौटने वाले वाहनों को देहरादून, ऋषिकेश, नेपाली फार्म, रायवाला और चंडी चौक होते हुए उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। नजीबाबाद जाने वाले वाहनों के लिए चंडी चौकी और श्यामपुर मार्ग निर्धारित किया गया है।

ऑटो और विक्रम संचालन पर भी असर
सामान्य स्थिति में ऋषिकेश से आने वाले ऑटो और विक्रम बैरागी, बस्ती राम पाठशाला और शंकराचार्य चौक होते हुए रोड़ी स्टैंड तक संचालित होंगे। लेकिन ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर इन्हें केवल जयराम मोड़ तक ही अनुमति मिलेगी।

इसके अलावा ज्वालापुर और जटवाड़ा की ओर से आने वाले विक्रमों को रानीपुर मोड़ और देवपुरा से डायवर्ट किया जाएगा। ललतारो पुल से शिवमूर्ति तक सभी प्रकार के ऑटो, विक्रम और टैक्सियों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा यातायात नियमों और डायवर्जन प्लान का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!