“भारत विकास परिषद पंचपुरी शाखा का अधिष्ठापन समारोह संपन्न, कुशल श्रीवास्तव बने अध्यक्ष, निहारिका बिष्ट सम्मानित” …
नए दायित्व, नए संकल्प: भारत विकास परिषद पंचपुरी शाखा की नई कार्यकारिणी का हुआ शपथ ग्रहण…
एक मंच पर सेवा, संस्कार और सम्मान, भारत विकास परिषद पंचपुरी शाखा का भव्य अधिष्ठापन समारोह…
कार्यक्रम में नव निर्वाचित अध्यक्ष कुशल श्रीवास्तव एवं उनकी नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई “….



हरिद्वार, 24 मई।
भारत विकास परिषद पंचपुरी शाखा हरिद्वार के वर्ष 2026-27 के अधिष्ठापन समारोह का भव्य आयोजन शनिवार सांयकालीन रानीपुर मोड़ स्थित होटल विनायक में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नव निर्वाचित अध्यक्ष कुशल श्रीवास्तव एवं उनकी नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. श्रीमती मनीषा सिंघल, विशिष्ट अतिथि ब्रजप्रकाश गुप्ता तथा अधिष्ठापन अधिकारी संजय गर्ग (प्रांतीय महासचिव, उत्तराखंड) उपस्थित रहे।
निर्वतमान अध्यक्ष एवं सचिव ने शाखा की वार्षिक गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया, जिसके बाद नव निर्वाचित कार्यकारिणी का विधिवत अधिष्ठापन किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. श्रीमती मनीषा सिंघल ने अपने संबोधन में भारत विकास परिषद के मूल मंत्र “संस्कार, सेवा और समर्पण” को समाज निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि परिषद समाज में जागरूकता, शिक्षा और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रही है। उन्होंने सभी सदस्यों से सेवा कार्यों को और अधिक विस्तार देने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान बताया की संगठन सचिव अनिल जैन ने परिषद की गतिविधियों एवं सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए शाखा को 1 लाख रुपये का सहयोग प्रदान किया । उनके इस योगदान की उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों ने सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सहयोग से परिषद के सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को और अधिक मजबूती मिलेगी।
विशिष्ट अतिथि ब्रजप्रकाश गुप्ता ने कहा कि भारत विकास परिषद देशभर में सेवा, संस्कार और संगठन की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि परिषद की गतिविधियां मध्य प्रदेश, नागालैंड, कर्नाटक, राजस्थान, गोवा, हिमाचल प्रदेश, केरल, उत्तराखंड सहित अनेक राज्यों में समाजहित के कार्यों के माध्यम से अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक गौरवान्वित किया जा सकता है। उन्होंने एकजुटता, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व को संगठन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए सभी को मिलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
अधिष्ठापन अधिकारी एवं प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने परिषद को दो महत्वपूर्ण पुस्तकों “भारत को जानो” एवं “चेतना के स्वर” के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जन्मदिन, सम्मान समारोह अथवा अन्य शुभ अवसरों पर बच्चों को इन पुस्तकों को उपहार स्वरूप अवश्य भेंट करना चाहिए। उन्होंने बताया कि “भारत को जानो” पुस्तक भारत के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, मंदिरों, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों से परिचित कराती है, जबकि “चेतना के स्वर” पुस्तक में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जनजागरण करने वाले प्रेरणादायक देशभक्ति गीतों का संग्रह है। इस अवसर पर उन्होंने कुछ पंक्तियां गाकर भी सुनाईं, जिससे वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि 23 मई भारतीय इतिहास में विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन भारत की प्रथम महिला पर्वतारोही बछेंद्री पाल ने विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट पर विजय प्राप्त कर देश का गौरव बढ़ाया था। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि 23 मई को विश्व कछुआ दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर उन्होंने खरगोश और कछुए की प्रसिद्ध प्रेरणादायक कथा का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन में कोई सदस्य तेज गति से आगे बढ़ता है तो कोई धीमी गति से, लेकिन सफलता तभी मिलती है जब सभी सदस्य एक-दूसरे का साथ देते हुए एकजुट होकर आगे बढ़ें।
कार्यक्रम में प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया। डीएवी कक्षा 9 की छात्रा निहारिका बिष्ट को भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित “भारत को जानो” प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। निहारिका ने नैनीताल स्तर से आगे बढ़ते हुए पुणे (महाराष्ट्र) में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सफलता प्राप्त की थी। इस अवसर पर संगठन सचिव अनिल जैन ने उन्हें 2100 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
समारोह में कुंभ मेला जिला अस्पताल के सेवानिवृत्त चीफ फार्मासिस्ट चमोली जी को भारत विकास परिषद की सदस्यता भी ग्रहण कराई गई। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ पत्रकार व संपत्ति व्यापारी अमित गुप्ता , रूरकी व्यापारी अनिल सैनी तथा मुजफ्फरनगर से आए ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. तनेजा की उपस्थिति भी विशेष रूप से रही। कार्यक्रम में संगठन की एकजुटता, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया।
वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी में कुशल श्रीवास्तव (अध्यक्ष), द्वेष कुमार पंत (सचिव), मनु सक्सेना (कोषाध्यक्ष), अनिल जैन (संगठन सचिव), सचिन नामदेव (संयोजक संस्कार), सुमित सक्सेना (संयोजक संपर्क), पूजा वालिया (संयोजक पर्यावरण), डॉ. रागिनी गुप्ता (संयोजक सेवा), प्रवीण श्रीवास्तव एवं ललित मोहन जोशी (उपाध्यक्ष) सहित अन्य पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुशल श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए शाखा को सेवा, संस्कार और संगठन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। जिसमे अनेक सदस्य उपस्थित रहे।