हरिद्वार | 16 अप्रैल 2026
आगामी चारधाम यात्रा के सुचारू एवं सुरक्षित संचालन के मद्देनज़र जनपद हरिद्वार में प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार आज भीमगोड़ा और हर की पौड़ी क्षेत्र में यात्री वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करना, दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 152 चालान किए गए, जबकि 20 वाहनों को सीज किया गया।

इसके अलावा निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी ले जा रहे 15 वाहनों के खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान ओवरलोडिंग, वाहन फिटनेस, परमिट और आवश्यक दस्तावेजों की विशेष रूप से जांच की गई।

अभियान में एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में इंटरसेप्टर प्रभारी वरुणा सैनी तथा बाइक स्क्वॉड 12, 13, 14 और 15 के सदस्य—आनंद असवाल, शूरवीर सिंह कंडवाल, नरेश नेगी और अश्विनी कुमार—सक्रिय रूप से मौजूद रहे और विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग सुनिश्चित की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। सभी वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वैध दस्तावेज साथ रखें और ओवरलोडिंग से बचें, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!