देहरादून, 27 नवंबर।
उत्तराखंड की धामी सरकार ने कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगाकर स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर बड़े संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन फैसलों का सीधा असर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं, सरकारी व्यवस्थाओं और विभिन्न वर्गों से जुड़ी योजनाओं पर देखने को मिल सकता है।
कैबिनेट बैठक के बाद अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने फैसलों की जानकारी साझा की। बैठक का सबसे महत्वपूर्ण फैसला सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों को लेकर रहा। अब पीजी करने वाले चिकित्सकों के लिए दो साल तक राजकीय सेवा अनिवार्य करने की बॉन्ड व्यवस्था लागू की जाएगी। इससे सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
वहीं, प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि को लेकर भी अहम कदम उठाया गया है। इस संबंध में अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है। इससे लंबे समय से मानदेय बढ़ोतरी की उम्मीद लगाए बैठी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की निगाहें अब सरकार के अगले फैसले पर रहेंगी।
कैबिनेट के अन्य महत्वपूर्ण फैसले भी चर्चा में रहे।
सामाजिक सुरक्षा को मजबूती: उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली के विस्तार के साथ सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को मंजूरी दी गई।
ईएसआई योजना में बी फार्मा शामिल: कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत अब बी फार्मा को भी शामिल किया गया है। इससे पहले डी फार्मा को अनुमन्य किया गया था।
आबकारी विभाग में 11 नए पद: विभागीय कार्यों को मजबूती देने के लिए 11 नए पदों को स्वीकृति प्रदान की गई।
सफाई कर्मचारी आयोग: उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक पद स्वीकृत किया गया।
राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में बदलाव: नियमावली में बड़े बदलाव को मंजूरी देते हुए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समिति गठित की गई।
चीनी मिलों को राहत: पेराई सत्र को देखते हुए चीनी मिलों को सरकारी बैंक से गारंटी देने की मंजूरी दी गई।
चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग: एक्स-रे तकनीशियन नियमावली को मंजूरी प्रदान की गई।
ग्रामीण पेयजल योजना: उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजना के रखरखाव से जुड़े प्रस्ताव को स्वीकृति मिली।
NHIDCL को सूचीबद्धता से हटाया: राज्य में कार्य करने के लिए NHIDCL को सूचीबद्धता से हटाने का निर्णय लिया गया।
सेतु आयोग का ढांचा मंजूर: उत्तराखंड राज्य नियोजन आयोग में सेतु आयोग के ढांचे को मंजूरी दी गई।
विधानसभा सत्र: विधानसभा सत्र के सत्रावसान को भी कैबिनेट की मंजूरी मिली।
कुल मिलाकर धामी कैबिनेट की यह बैठक कई महत्वपूर्ण निर्णयों के लिहाज से अहम रही। जहां एक ओर सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए पीजी डॉक्टरों की अनिवार्य सेवा का फैसला लिया गया, वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय, सामाजिक सुरक्षा और प्रशासनिक ढांचे से जुड़े निर्णयों ने भी सबका ध्यान खींचा। अब प्रदेश की जनता की नजर इन फैसलों के धरातल पर लागू होने और इनके परिणामों पर रहेगी।