हरिद्वार, 11 मई 2026।
जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 66 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 30 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव और पेयजल जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। ग्राम लालढांग निवासी सुमन देवी, ज्योति देवी और राजन देवी ने उनकी भूमि पर अवैध कब्जे और खेत में नाली का गंदा पानी छोड़े जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं लक्सर तहसील के गंगदासपुर निवासी मांगेराम और राजवीर ने विस्थापित भूमि पर कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए पैमाइश कराने की मांग की।

अतमलपुर बोगला निवासी दिनेश कुमार ने अपनी भूमि को दोबारा आबादी में दर्ज कराने की मांग रखी, जबकि मीरपुर निवासी मुकेश कुमार ने घर के सामने छोड़े जा रहे गंदे पानी से हो रही परेशानी को लेकर शिकायत दी। सुमन नगर निवासी कमल देवी ने खतौनी की नकल दिलाने तथा भोगपुर निवासी चरण सिंह ने भूमि पैमाइश कराने की मांग की। वहीं वेदपाल ने गंगाजी की भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग उठाई।
मोहन इंक्लेव कॉलोनी के निवासियों ने जगजीतपुर राजा गार्डन क्षेत्र में उत्तराखंड पेयजल निगम द्वारा चल रहे सीवर लाइन कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया। ग्राम थिथौला खेमपुर की प्रधान सना ने लंढौर नगर पंचायत से आ रहे गंदे पानी से फसलों को हो रहे नुकसान की शिकायत दर्ज कराई।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां विभागीय समन्वय के साथ मौके पर जाकर समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई शिकायत दोबारा जनसुनवाई में आती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर डीएम नाराज
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कई विभागों में 36 दिन से अधिक समय से शिकायतें लंबित हैं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। समीक्षा में सामने आया कि एल-1 स्तर पर 583 तथा एल-2 स्तर पर 143 शिकायतें लंबित हैं।

डीएम ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी शिकायतकर्ताओं से पोर्टल के माध्यम से संवाद स्थापित कर शिकायतों का शीघ्र समाधान करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ लालित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी आर के सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!