हरिद्वार, 11 मई 2026।
हर की पौड़ी पर वायरल हुए एक विवादित वीडियो ने धार्मिक नगरी में सनसनी फैला दी है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में एक युवक अपनी पत्नी की माला चढ़ी तस्वीर के साथ गंगा घाट पर दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक कथित तौर पर तस्वीर पर थूकता है, पिंडदान जैसी क्रिया करता है और बाद में तस्वीर को गंगा में प्रवाहित कर देता है।

अब इस पूरे मामले में युवक की पत्नी नेहा अरोड़ा सामने आई हैं। उन्होंने एक वीडियो जारी कर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही बातों को गलत और भ्रामक बताया है। नेहा अरोड़ा का कहना है कि उन्होंने कभी भी कोई आपत्तिजनक वीडियो या रील सोशल मीडिया पर साझा नहीं की।

नेहा के मुताबिक, उनके और पति अमित अरोड़ा के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है और दोनों पिछले करीब दो महीनों से अलग रह रहे हैं। तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति शराब के नशे में अक्सर गाली-गलौज और मारपीट करते थे। वर्षों तक सब कुछ सहने के बाद उन्होंने बच्चों के भविष्य को देखते हुए अलग रहने का फैसला लिया।

नेहा ने कहा कि निजी विवाद और गुस्से में आकर उनके पति ने धार्मिक स्थल पर इस तरह की हरकत कर पूरे मामले को सार्वजनिक तमाशा बना दिया।

वायरल वीडियो में युवक पत्नी की माला चढ़ी तस्वीर लेकर हरकी पैड़ी घाट पर दिखाई देता है। वीडियो में वह तस्वीर पर कई बार थूकता है, कथित तौर पर पिंडदान जैसी प्रक्रिया करता है और फिर तस्वीर को गंगा में बहा देता है। इतना ही नहीं, युवक अपने गले में पड़ा सफेद गमछा भी हवा में घुमाकर गंगा में प्रवाहित करता नजर आता है। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

घटना के बाद तीर्थ पुरोहित समाज और कई हिंदूवादी संगठनों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि हरकी पैड़ी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और निजी विवादों को धार्मिक परंपराओं से जोड़कर इस तरह सार्वजनिक रूप देना बेहद आपत्तिजनक है। तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो हाल का है या पुराना और घटना हरिद्वार के किस घाट की है। युवक की पहचान और वीडियो की पुष्टि के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!