कोतवाली रानीपुर, 23 अप्रैल 2026 ।
आज शहर के कोतवाली रानीपुर पुलिस द्वारा बड़ी घटना में नव युवक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिसका खुलासा एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा प्रेस वार्ता में पुलिस कार्यालय रोशनाबाद के सभागार में किया गया।

हरिद्वार के रानीपुर क्षेत्र स्थित बीएचईएल फाउंड्री गेट के समीप हुए सनसनीखेज गोलीकांड का पुलिस ने मात्र 8 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर अपराधियों के हौसलों को करारा झटका दिया है। “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत की गई इस सशक्त कार्रवाई में 2 विधि-विवादित किशोरों सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध तमंचे 315 बोर, जिंदा कारतूस तथा 3 नाजायज चाकू बरामद किए गए हैं।

घटना 21 अप्रैल 2026 की रात्रि की है, जब ज्वालापुर निवासी हन्नी अपने मित्र वंशु के साथ स्कूटी से बीएचईएल क्षेत्र से सिडकुल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे 8 से 10 युवकों ने उन्हें फाउंड्री गेट के पास रोक लिया। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने पहले गाली-गलौज, मारपीट और धमकी दी, इसके बाद जान से मारने की नीयत से कई राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली वंशु के दाहिने हाथ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक रानीपुर द्वारा तत्काल विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए भागोवाली मैदान क्षेत्र से आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों में फरहान (उम्र 18 वर्ष ) पुत्र फरमान नि0 मौहल्ला कस्सावान निकट इकबाल चाय की दुकान थाना कोतवाली ज्वालापुर हरिद्वार, अनमोल उर्फ धीरेन्द्र बक्शी (उम्र 24 वर्ष) पुत्र अरूण बक्शी नि0 अहबाबनगर बिष्णुलोक कालोनी रानीपुर हरिद्वार , सागर उर्फ पहाड़ी (उम्र 22 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र नेगी नि0 चोर गली सुभाषनगर ज्वालापुर हरिद्वार तथा 2 नाबालिग किशोर शामिल हैं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम पर “BAAZ” नाम से एक गैंग संचालित करते थे। यह गिरोह अवैध हथियारों के बल पर लोगों में भय उत्पन्न कर क्षेत्र में अपना वर्चस्व स्थापित करने का प्रयास करता था। इंस्टाग्राम पर “BAAZ” अकाउंट को भी निष्क्रिय (ब्लॉक) करने की कार्यवाही शुरू हो गए है

पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि घायल युवक वंशु पूर्व में इन आरोपियों के विरुद्ध दर्ज झगड़े के मामलों में गवाह था। इसी रंजिश और दबदबा कायम रखने की मानसिकता के चलते उसे निशाना बनाया गया।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। साथ ही दोनों नाबालिकों को पुलिस सरक्षण में रखा गया है। वहीं इस वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों – नोमान कुरैशी, सत्यम, उमर गुर्जर, नितिश, मुकुल और भानु प्रताप की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

हरिद्वार पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अपराध, अवैध हथियारों और गैंगबाजी के लिए कोई स्थान नहीं है।

इस कार्यवाही में कोतवाली रानीपुर पुलिस टीम के प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, उ0नि0 नन्दकिशोर ग्वाडी, ⁠हे0का0 विमल नेगी, ⁠हे0का0 जितेन्द्र चौधरी, ⁠कां0 विवेक गुसांई, ⁠का0 सुमन डोभाल व ⁠का0 राजपाल सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!