हरिद्वार , 22 अप्रैल 2026 ।
हरिद्वार में चारधाम यात्रा के मद्देनज़र हरिद्वार प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। बुधवार को जिलाधिकारी और एसएसपी हरिद्वार ने मनसा देवी मंदिर पहुंचकर मंदिर परिसर का भौतिक निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।



निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू दर्शन व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।




अधिकारियों ने मंदिर समिति को निर्देशित किया कि सभी श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और मधुर व्यवहार किया जाए तथा लाइन व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु आसानी से दर्शन कर सकें।
साथ ही बुजुर्ग श्रद्धालुओं की विशेष सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
प्रशासन का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है।