शनिवार दिनांक 18 अप्रैल :
सैनिक सम्मेलन के उपरांत जनपद पुलिस मुख्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में माह मार्च की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में पुलिस कप्तान ने सख्त तेवर दिखाते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गोष्ठी में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान आगामी चारधाम यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।




एसएसपी ने निर्देश दिए कि यात्रा व्यवस्थाओं के तहत रैंक के अनुसार जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। यात्रा के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए वैकल्पिक मार्गों के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया गया। साथ ही ट्रैफिक प्लान को सख्ती से लागू करने और मार्गों पर आवश्यक होर्डिंग्स व क्यूआर कोड लगाने के निर्देश दिए गए।
“ऑपरेशन प्रहार” के तहत हो रही कार्रवाई पर संतोष जताते हुए कप्तान ने इसे और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। गैंगस्टर्स और पेशेवर अपराधियों की संपत्ति जब्ती की कार्रवाई तेज करने पर भी जोर दिया गया। वहीं A.H.T.U. टीम को “ऑपरेशन मुक्ति” के तहत बालश्रम व भिक्षावृत्ति में लिप्त बच्चों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने कोतवालों को निर्देशित किया कि फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण थाने स्तर पर ही प्राथमिकता से किया जाए और शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा सुनिश्चित की जाए। वाहन दुर्घटना मामलों में एमएसीटी, आई-रेड और सोलैशियम स्कीम से संबंधित कार्यवाही की मॉनिटरिंग भी खुद थानाध्यक्षों द्वारा करने के निर्देश दिए गए।
गर्मी के मौसम को देखते हुए फायर स्टेशनों को अलर्ट मोड पर रहने और सभी उपकरणों को कार्यशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आग की घटनाओं में रिस्पांस टाइम ही नुकसान को कम करने में अहम भूमिका निभाता है।
इसके अलावा चारधाम यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। नशा तस्करों, खासकर स्मैक कारोबार से जुड़े अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए पुलिस को अभियान और तेज करने को कहा गया।