हरिद्वार,15 जून ।
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर कनखल स्थित दक्ष बालाजी ऑर्थो हॉस्पिटल में रविवार दिनांक 14 जून को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने फीता काटकर किया।



यह रक्तदान शिविर वरिष्ठ ऑर्थो एवं ट्रॉमा सर्जन डॉ. राकेश कुमार सिंघल के सौजन्य से तथा माँ गंगे ब्लड बैंक, जगजीतपुर के सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
इस अवसर पर डॉ. राकेश कुमार सिंघल ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) वर्ष 2004 से प्रत्येक वर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा कार्य है। एक यूनिट रक्त से तीन से चार मरीजों की जान बचाई जा सकती है, क्योंकि रक्त को अलग-अलग घटकों—आरबीसी, प्लाज्मा और प्लेटलेट्स—में विभाजित कर जरूरतमंद मरीजों को दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और ब्लड बैंकों में पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना है, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी भी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।
शिविर में रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।